साहिबाबाद। एम्पलीफायर व स्पीकर निर्माता कंपनी के जेएमडी एक्सपोर्ट के ट्रेड मार्क ब्रो का अवैध रूप से इस्तेमाल करके उपकरण तैयार किए जा रहे थे। औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रो मार्क इंडस्ट्रीज और सिगमा इंटरनेशनल इंडस्ट्रीज में स्पीकर व एम्पलीफायर बनाकर उन्हें जेएमडी एक्सपोर्ट के ट्रेड मार्क लगाकर सप्लाई किया जा रहा था। जेएमडी एक्सपोर्ट के अधिकृत अधिकारी विकास पुरी ने जब पुलिस टीम के साथ 10 जनवरी को औद्योगिक क्षेत्र पहुंचकर दोनों फैक्टरी में छापा मारा। जहां अवैध रूप से उनकी कंपनी का ट्रेड मार्क का इस्तेमाल होता मिला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों निर्माता कंपनी प्रतीक जैन और अंकित जैन को गिरफ्तार कर लिया है।
विकास पुरी ने पुलिस को बताया कि वह नई दिल्ली के ग्रेटर कैलाश फेज-तीन स्थित जेएमडी एक्सपोर्ट के अधिकृत अधिकारी हैं। उन्हें कंपनी के ट्रेड मार्क के गैर कानूनी इस्तेमाल की शिकायत मिली थी। इस पर उन्होंने साहिबाबाद पुलिस की टीम के साथ औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्रो मार्क और सिगमा इंटरनेशनल इंडस्ट्रीज में छापा मारा। यहां उन्हें कंपनी के अधिकृत ट्रेड मार्क लगे 672 बॉक्स मिले। इन पर कंपनी की बिना अनुमति और सूचना दिए अवैध रूप से ट्रेड मार्क लगाया गया था।
एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि दोनों फैक्टरी के संचालक प्रतीक जैन और अंकित जैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ जारी है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।