साहिबाबाद। लिंकरोड पुलिस ने शनिवार रात चेकिंग के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपी बिहार के पटना स्थित मैतोरी थानाक्षेत्र के परिहार गांव निवासी आकाश झा उर्फ नागिन और सिवान के नौतन स्थित सागर गांव निवासी गैंगस्टर राकेश कुमार है। दोनों के पास से चोरी के नौ मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने कुछ दिन पहले झंडापुर स्थित एक मकान से तीन मोबाइल फोन चुराने की बात स्वीकार की है।
प्रभारी एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि 24 जुलाई को झंडापुर गांव के एक मकान से तीन मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया था। मकान मालिक सत्य प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार रात पुलिस दिल्ली प्रेस कट के पास चेकिंग कर रही थी। तभी दो संदिग्धों को रोका गया। आरोपी आकाश और राकेश की तलाशी लेने पर उनके पास से नौ मोबाइल फोन बरामद हुए। प्रभारी एसीपी साहिबाबाद ने बताया कि आरोपी मोबाइल फोनों को दिल्ली में ले जाकर राहगीरों को बेचते थे। बताया कि गिरफ्तार आकाश के खिलाफ पुलिस पूर्व में ही गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई कर चुकी है। उस पर चोरी के सात मामले दर्ज हैं।