इंदिरापुरम। दिल्ली-एनसीआर से लेकर फरीदाबाद तक वाहन बीमा व पार्टों की समयावधि बढ़वाने के नाम पर लाखों का चूना लगाने वाले दिल्ली के मजलिस पार्क निवासी बलवीर सिंह उर्फ अंकित और उत्तरी दिल्ली के गोकलपुरी के अरीब हसन को स्वाट व इंदिरापुरम पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी बलवीर के खिलाफ दिल्ली, कौशांबी, इंदिरापुरम और फरीदाबाद के थानों में आधा दर्जन से भी ज्यादा मामले दर्ज हैं। वह वर्ष 2019 और 2023 में जेल भी जा चुका है। पुलिस की पूछताछ में उसने ठगी की बात स्वीकारी है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि वसुंधरा सेक्टर 14 निवासी अशोक कुमार अग्रवाल ने पांच फरवरी 2025 को मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोप था कि एक व्यक्ति ने उनके वाहन की बीमा पॉलिसी कराने के नाम पर उनसे चेक लिया। जिस पर रकम आरोपी के दिए पेन से भरी थी। बताया कि चेक से आरोपियों ने करीब तीन लाख निकाल लिए थे। कविनगर निवासी एक महिला के खाते से भी आरोपियों ने इसी तरह एक लाख रुपये निकाले थे।
मामले की जांच स्वाट टीम और थाना पुलिस दोनों मिलकर कर रहे थे। छानबीन के दौरान पुलिस बलवीर तक पहुंची। पूछताछ में उसने बताया कि वह ऐसे लोगों का ऑनलाइन डाटा खरीदता था जिनके वाहनों का बीमा या किसी पार्ट्स की वारंटी खत्म हो गई हो। फिर चेक को हल्का गर्म करके उसमें भरी रकम मिटाकर ज्यादा रकम भरकर खाते से निकालते थे। एसीपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ फरीदाबाद में तीन और दिल्ली के मंगोलपुरी थाने में एक मुकदमा दर्ज है। दो बार जेल भी जा चुके हैं। शुक्रवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया है।