मुरादनगर। सात साल की मासूम के साथ ट्यूशन देने वाले शिक्षक ने दुष्कर्म किया। ये बात किसी को बताने पर चाकू से गोदकर मारने की धमकी बच्ची को दी। घटना दो दिन पहले की है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना क्षेत्र गांव निवासी व्यक्ति मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक ने दुष्कर्म कर धमकी दी। बृहस्पतिवार सुबह जब बच्ची को ट्यूशन पढ़ने जाने के लिए कहा तो उसने जाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह वहां से चली गई। परिजनों ने ट्यूशन के लिए दबाव डाला तो बच्ची रोने लगी, न जाने का कारण पूछा तो बच्ची ने सारी बात बता दी। परिजनों की सूचना पर एसीपी मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंचे। परिजनों ने युवक के खिलाफ तहरीर दी।
एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना दो दिन पहले की है। बृहस्पतिवार सुबह परिजनों ने इसकी सूचना दी। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि बच्ची का मेडिकल कराया गया है।
दो दिन तक सहमी रही बच्ची, सुनसान जगह पर किया दुष्कर्म
बच्ची के पिता ने बताया कि शिक्षक के पास और भी छात्र-छात्राएं ट्यूशन पढ़ने के लिए आते हैं। बच्ची ने परिजनों को बताया कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे सभी बच्चे ट्यूशन पढ़ रहे थे। इसी बीच आरोपी उसे अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया और वहां दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बच्ची को पीटा भी गया। बच्ची दो दिन से खाना नहीं खा रही थी और सहमी रहती थी, किसी से ठीक से बात भी नहीं कर रही थी। दो दिन वह स्कूल भी नहीं गई।