मोदीनगर। भोजपुर के गांव अमराला के समीप बीते मंगलवार रात ट्रक से बरामद गोवंश खाल और मांस के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक स्वामी कलीम अहमद और दलाल हासिम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ट्रक चालक और क्लीनर को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। ट्रक गोवंश की खाल और मांस लेकर हापुड़ से पंजाब के मोहाली जा रहा था।
बीते मंगलवार रात हिन्दू युवा वाहिनी और बजरंग दल व ग्रामीणों ने गांव अमराला के समीप एक ट्रक रोककर उसमें गोमांस का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। गुस्साए लोगों ने ट्रक चालक और क्लीनर को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा था। आक्रोशित भीड़ ने ट्रक में तोड़फोड़ कर आग लगा दी थी और भोजुपर-फरीदनगर मार्ग पर जाम लगा दिया था। पुलिस ने ट्रक से मांस का सैंपल जांच के लिए भेजा था। चिकित्सक ने ट्रक में लदी खाल गोवंश की होने की पुष्टि की थी।
गिरफ्तार चालक और क्लीनर ने पुलिस को पूछताछ में बताया था कि वह पशुओं के अवशेष हापुड़ से मोहाली लेकर जा रहा था। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगी थी। एसीपी ने बताया कि भोजपुर पुलिस ने शुक्रवार को ट्रक स्वामी कलीम अहमद निवासी सिवाल थाना जानी मेरठ और दलाल हासिम निवासी रामपुर रोड, हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके साथी पशुओं अवशेषों को ट्रक द्वारा हापुड़ से पंजाब के मोहाली लेकर जा रहे थे।