इंदिरापुरम। थानाक्षेत्र के न्यायखंड एक में 11 जनवरी को ईंट से भरा ट्रक पलट गया। हादसे में वहां मौजूद झुग्गी-झोपड़ी निवासी राहुल और सुमना ईंटों के नीचे दबकर घायल हो गए। गनीमत रही कि ज्यादा चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रक को हटाकर मलबा साफ कराया। दस्तावेज न होने की वजह से ट्रक को सीज कर दिया गया है।
रविवार को ईंटो से भरा एक ट्रक न्यायखंड एक में निर्माण स्थल पर जा रहा था। सोसायटी गेट पर मुड़ते समय सड़क पर बने गड्ढे में उसका पिछला पहिया धंस गया। नियंत्रण के बाद भी ट्रक डिवाइडर की तरफ पलट गया। इस दौरान वहां धूप में खड़े राहुल और सुमना को भागने का मौका ही नहीं मिला। दोनों ईंटों के नीचे दबकर चोटिल हो गए। उनके साथ खड़े तीन अन्य लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। दोनों के दबते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने ईंटे हटाकर दोनों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तुरंत जेसीबी व क्रेन बुलाकर ट्रक को सीधा करवाया और घायलों को अस्पताल भेजा। लोगों का आरोप है कि कुछ दिन पहले किसी निर्माण कार्य के चलते गड्ढा खोदा गया था। ठीक तरह से मरम्मत करने की जगह ठेकेदार ने मिट्टी डालकर पाट दिया। उसमें पानी भी भरा हुआ था। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक चालक के पास किसी भी तरह के दस्तावेज नहीं थे। ट्रक को सीज कर दिया गया है। इसके अलावा घायलों या अन्य स्थानीय व्यक्ति की तरफ से कोई तहरीर मिलती है तब आगे की कार्रवाई की जाएगी।