गाजियाबाद। एनएच-24 पर कोलंबिया एशिया अस्पताल के पास रविवार की सुबह ट्रक की टक्कर से डिवाइडर पर लगा खंभा दूसरी ओर गिर गया। हादसे के बाद एनएच-24 पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक इस मार्ग पर ट्रैफिक प्रभावित रहा। इससे वीकेंड पर सैर सपाटा करने निकले लोगों को खासी परेशानी हुई।
एनएच-24 पर डासना की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रक रविवार सुबह करीब 11 बजे अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जा चढ़ा और वहां लगे हाई मास्क लाइट के पोल से जा टकराया। इससे पोल एनएच पर दूसरी ओर जा गिरा।
एनएच पर एक ओर ट्रक और दूसरी ओर पोल के गिरने सेे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वाहन चालकों ने ट्रैफिक पुलिस को कॉल कर सूचना दी। ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रक और खंभे को हटवाया।
इसके बाद करीब 12:30 बजे यातायात सुचारु हो सका। टीआई रमेश तिवारी ने बताया कि सूचना के बाद तुरंत क्रेन से खंभा और ट्रक हटवाकर जाम खुलवाया गया। रविवार की छुट्टी के चलते वाहनों का दबाव कम था, जिससे अधिक परेशानी नहीं हुई।