गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर बुधवार दोपहर राज्य स्तरीय महिला क्रिकेट खिलाड़ियों की कार को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इससे कार हाईवे पर पलट गई। उसमें सवार चार महिला क्रिकेट खिलाड़ी घायल हो गईं। कार चला रही उत्तर प्रदेश की एकदिवसीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य मीनू यादव भी चोटिल हुई हैं। पुलिस ने घायलों को प्राथमिक उपचार कराकर घर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मीनू यादव, कनिका, शिखा और शीतल घरेलू क्रिकेट प्रतियोगिता के लीग मैच में प्रतिभाग के लिए गौतमबुद्धनगर से मेरठ जा रही थीं। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर नौ चौकी क्षेत्र में खिलाड़ी कार को हाईवे किनारे खड़ा कर मेरठ जाने के लिए रास्ता पूछने लगीं। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आए ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर हाईवे पर पलट गई, जबकि ट्रक डिवाइडर से टकरा गया। कार में मौजूद चारों महिला खिलाड़ी चोटिल हो गईं। पुलिस ने उनको जिला अस्पताल पहुंचाया।
मीनू यादव मूल रूप से पीके-तृतीय सेक्टर 122, पर्थला खंजरपुर, गौतमबुद्धनगर की रहने वाली हैं। उनके भाई ने बताया कि उत्तर प्रदेश की एकदिवसीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य मीनू फरवरी में गुजरात के राजकोट में वनडे ट्रॉफी में खेली थीं।
हाईवे पर लगा जाम
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। करीब 15 मिनट बाद पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात सुचारु कराया। एसीपी नगर कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे लेने के बाद आरोपी चालक को हिरासत में लिया है। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी।