मोदीनगर। निवाड़ी के पूठरी गांव में प्रशांत चौधरी पर हुए जानलेवा हमले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। पुलिस को पूछताछ में आरोपी हमलावर किशोर ने बताया कि परिवार की बदनामी से परेशान होकर उसने रिश्ते के भाई प्रशांत चौधरी पर जान लेने की नियत से फायरिंग की थी।
गांव पूठरी निवासी प्रशांत चौधरी उर्फ सोनू को बुधवार रात करीब दस बजे घर से बाहर बुलाकर गोली मार दी थी। हमले में प्रशांत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया प्रशांत की पत्नी पिंकी की तहरीर पर जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर मेरठ निवासी आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस को पूछताछ में आरोपी किशोर ने बताया कि प्रशांत उसका रिश्ते में भाई लगता है। प्रशांत काफी समय से उसकी और परिवार की बदनामी कर रहा था। कई बार प्रशांत को समझाया गया मगर उसने बात नहीं मानी। बदनामी से परेशान होकर उसने प्रशांत को तमंचे से गोली मार दी। निशाना चूकने के कारण गोली सीने के बजाए पेट में लगी। एसीपी ने बताया कि किशोर के पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया।