मोदीनगर। परिजनों की डांट से परेशान 17 वर्षीय किशोरी पश्चिम बंगाल से मोदीनगर पहुंच गई। पुलिस ने लावारिश अवस्था में घूम रही किशोरी को रेलवे स्टेशन से बरामद कर पश्चिम बंगाल पुलिस को मामले की सूचना दी। मंगलवार को मोदीनगर पहुंची पुलिस किशोरी को अपने साथ ले गई।
मोदीनगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को 17 वर्षीय किशोरी लावारिश अवस्था में टहलते मिली। जानकारी के बाद मोदीनगर पुलिस ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर पूछताछ की। किशोरी पश्चिम बंगाल के जिला पूर्व बर्धमान स्थित छापर की रहने वाली निकली। किशोरी ने पूछताछ में बताया कि एक सप्ताह पूर्व पढ़ाई न करने पर माता-पिता ने उसे डांट दिया था। परिजनों की डांट से परेशान होकर बिना बताए घर से निकल आई। इसके बाद वह ट्रेन से पहले दिल्ली और फिर मोदीनगर पहुंची। मोदीनगर पुलिस की सूचना पर पश्चिम बंगाल पुलिस मंगलवार को मोदीनगर पहुंची और किशोरी को अपने साथ ले गई।