साहिबाबाद। थानाक्षेत्र के बालाजी विहार में तेजाब पीकर आत्महत्या करने वाली खुशनुमा (35) के पति वकील समेत सात लोगों के खिलाफ पुलिस ने दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। खुशनुमा के अलीगढ़ स्थित टप्पल निवासी भाई अल्ताफ खां ने दहेज बतौर पांच लाख रुपये और एक बाइक मांगे जाने का आरोप लगाया है। साथ ही बहन को बेल्ट से पीटने की बात भी कही है। खुशनुमा ने नौ मार्च को आत्महत्या की थी, पुलिस ने 15 मार्च को मामला दर्ज किया है।
दर्ज मामले में अल्ताफ खां ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2016 में वकील के साथ बहन खुशनुमा का निकाह किया था। निकाह के बाद से ही ससुराल वाले बहन को दहेज कम लाने का ताना देकर प्रताड़ित कर रहे थे। उस पर पांच लाख रुपये नकद और एक बाइक देने का दबाव बनाया जा रहा था। आत्महत्या से करीब नौ-दस दिन पहले ही खुशनुमा अपने मायके गई थी। जब उन्होंने देखा तब दंग रह गए। बहन के शरीर पर बेल्ट और पेचकस से मारने के निशान थे। बहन ने परिवार में शांति रहने की वजह से कोई शिकायत मायके वालों से कभी नहीं की थी। आरोप है कि ससुराल वालों ने उनकी बहन को आत्महत्या के लिए उकसाया। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर खुशनुमा के पति वकील, ससुर जमील, देवर शकील, सलीम और कपिल, ननद महरून और जैबुल को नामजद कर सभी को नोटिस भेजे गए हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।