न्यू लिंक रोड पर तारकोल की ट्राली पलटने से सड़क पर फैले तारकोल को पिघलाने के दौरान लगा भीषण जाम
गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र के न्यू लिंक रोड पर मंगलवार की दोपहर गड्ढे में पहिया जाने से असंतुलित हुई गर्म तारकोल से भरी ट्रॉली सड़क पर पलट गई। गनीमत रही कि उसकी चपेट में कोई नहीं आया। सड़क पर फैले तारकोल से न्यू लिंक रोड पर तीन किमी लंबा जाम लग गया। करीब एक घंटे तक न्यू लिंक रोड वन-वे रहा।
न्यू लिंक रोड पर प्रताप विहार की ओर से पालिका की ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क निर्माण के लिए गर्म तारकोल भरकर चली। जब ट्रैक्टर दिल्ली हाइवे के नजदीक पहुंचा तो सड़क में स्थित गहरे गड्ढे में पहिया जाने से ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। गर्म तारकोल से भरी ट्रॉली सड़क पर ही पलट गई। करीब 20 मीटर तक न्यू लिंक रोड के वन-वे पर तारकोल फैल गया। मौके पर पहुंची पुलिस न्यू लिंक रोड का वन-वे बंद कराया। साथ ही पालिकाकर्मियों को सड़क से तारकोल हटाने को कहा। हालांकि कुछ देर बाद ही तारकोल ठंडा होकर सड़क पर जम गया। जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मौजूद कर्मियों ने तारकोल को सड़क से हटाने के लिए पहले गर्म किया और फिर ट्रॉली में भरा। ऐसे में करीब एक से डेढ़ घंटा लगा। इस दौरान दिल्ली हाइवे से प्रताप विहार तक वन-वे पर वाहनों का जाम लग गया। पुलिस ने दिल्ली हाईवे पर बैरिकेडिंग लगाकर न्यू लिंक रोड पर वाहनों का आवागमन बंद करके रूट डायवर्जन किया। करीब एक घंटे बाद न्यू लिंक रोड को वन-वे कर फंसे वाहनों को निकाला गया। एसीपी ट्रैफिक जियाउद्दीन ने बताया कि कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, तारकोल हटाकर आवागमन सुचारू कर दिया गया है।
न्यू लिंक रोड पर तारकोल की ट्राली पलटने से सड़क पर फैले तारकोल को पिघलाने के दौरान लगा भीषण जाम