सूर्या की गली के बाहर मौजूद एसीपी इंदिरापुरम व श्रद्धांजलि देने आए लोग। अमर उजाला
खोड़ा। खोड़ा के नवनीत विहार में बुधवार को सूर्या की तेरहवीं पर आयोजित शोकसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और श्रद्धांजलि देकर परिवार को सांत्वना दी। उधर, समाज के लोगों ने सूर्या को हमेशा याद रखने के लिए उनके घर के पास चौराहे का नामकरण करते हुए सूर्या चौक रख दिया गया। वहां पर सूर्या के नाम का बोर्ड भी लगाया गया है। पार्षद ने भी नगर पालिका की बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव को रखने की बात कही है। वहीं, सूर्या की मां सरोज ठाकुर ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है कि आरोपी जेल से नहीं छूटने चाहिए, यदि वह छूटे तो फिर किसी मां के लाल को मार देंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा भी जाहिर की है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए काफी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया।
दरअसल, 28 मई को बकरीद के दिन नवनीत विहार गली नंबर दो के पास 11वीं के छात्र सूर्या चौहान की उसी के दोस्त असद ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। बुधवार को सूर्या की तेरहवीं पर शोक सभा रखी गई थी। इसमें दो एसीपी और चार थानाप्रभारियों के अलावा करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। सूर्या के घर से गली तक टेंट लगाकर गद्दे बिछाए गए। उधर, भाजपा और हिंदूवादी संगठन के लोगों ने गली नंबर एक पर सूर्या चौक का बोर्ड लगा दिया। उन्होंने कहा कि सूर्या जैसी दूसरी घटना न हो इसके लिए हम सभी को सतर्क रहना होगा। वही, पार्षद ने आश्वासन दिया कि नगर पालिका बोर्ड बैठक में सूर्या चौक के प्रस्ताव को रखेंगे। इस मौके पर काफी लोगों ने सूर्या को श्रद्धांजलि दी। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से खोड़ा में सात अधिकारियों समेत 500 लोग मौजूद रहे।
सूर्या की क्षति नहीं हो सकती पूरी-संजीव शर्मा
तेरहवीं में शामिल होने पहुंचे शहर विधायक संजीव शर्मा ने परिजन को सांत्वना देते हुए कहा कि सूर्या की क्षति को पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन ऐसी पुनावृति न हो इसके लिए सरकार में बात रखी जाएगी। साथ ही सूर्या के परिवार को आवास दिलाने के लिए प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही उसे पूरा कराया जाएगा। वहीं, साध्वी आस्था मां ने कहा कि सूर्या की हत्या में जितने लोग शामिल रहे हैं उन सभी का एनकाउंटर होना चाहिए। यदि असद अकेला होता तो शायद सूर्या अपनी जान बचा सकता था। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सूर्या का परिवार इस समय दुख-दर्द में है और वह हमेशा इस परिवार के साथ रहेंगी।