साहिबाबाद। जीटी रोड स्थित आईटीएस में आयोजित एसआईआर जागरूकता के विशेष सत्र में शामिल हुए भाजपा नेता कलराज मिश्र ने कहा कि पारदर्शी और सटीक मतदाता सूची स्वस्थ लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों में बेवजह इसे बहस का मुद्दा बनाया हुआ है जबकि एसआईआर की प्रक्रिया से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा।
एसआईआर पर यह विशेष जागरूकता सत्र आईटीएस एवं राधे श्याम चैरिटेबल फाउंडेशन के आपसी सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में पीजीडीएम (2025–27) और एमसीए विद्यार्थियों के साथ ही सभी शिक्षक भी शामिल हुए। आईटीएस ग्रुप के वाइस चेयरमैन अर्पित चड्ढा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य सभी प्रतिभागियों को मतदान के संवैधानिक महत्व के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पूर्व सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्री कलराज मिश्र एवं सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय, डॉ. ख्याति मिश्र के साथ ही विशिष्ट अतिथि के तौर पर आईटीएस स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय कुमार एवं निदेशक डॉ. सुनील पांडे शामिल रहे।
वक्ताओं ने एसआईआर प्रक्रिया को राष्ट्र हित में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। अधिवक्ता अश्वनी उपाध्याय ने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य देश की मतदाता सूची को पारदर्शी और शुद्ध करना है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग गांव से शहरों की ओर जा रहे हैं एक ही व्यक्ति का नाम कई शहर और गांव में है, एसआईआर के माध्यम से ऐसे नाम छांटे जाएंगे और वर्तमान पता के आधार पर ही मतदाता सूची में उसका नाम रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य मौजूदा आंकड़ों में सुधार करना, डुप्लीकेट या अवैध प्रविष्टियों को हटाना है।