गाजियाबाद। गंगा-यमुना हिंडन अपार्टमेंट के मरम्मत के लिए गए तीन ट्रांसफॉर्मर दो सप्ताह बाद भी नहीं आए। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने से स्थानीय निवासी परेशान हैं। उन्होंने आवास विकास परिषद और मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की है।
आरडब्ल्यूए सचिव अतुल राय का आरोप है कि आवास विकास के विद्युत खंड ने तीन ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए दो सप्ताह पूर्व लखनऊ भेजे थे, लेकिन अधीक्षण अभियंता सीपी सिंह की लापरवाही के कारण अभी तक वह वापस सोसाइटी में नहीं आए हैं।
उपाध्यक्ष रंजन सिंह ने बताया ट्रांसफार्मर के अभाव में लोड नहीं मिलने से बार-बार बिजली सप्लाई बाधित होने से परेशानी हो रही है। वर्क फ्रॉम होम करने वाले नौकरीपेशा लोगों को मजबूरन घर छोड़कर ऑफिस या सोसाइटी से बाहर साइबर कैफे में जाना पड़ रहा है। संयुक्त सचिव देवेंद्र ने बताया कि यहां फायर सिस्टम भी दुरुस्त नहीं है।
अभी कुछ दिन पहले आग लग गई थी तो सिस्टम काम नहीं कर रहे थे। आरडब्ल्यूए सदस्य अमित मिश्रा, भरत अग्रवाल व निवासी कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि निवासी समस्याओं से परेशान हैं और अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। हम सब ट्रिपिंग और बिजली कटौती झेल रहे हैं।