गाजियाबाद। दो दिन की राहत के बाद बुधवार को ट्रेनों की चाल फिर बिगड़ गई। अधिकांश लोकल एक्सप्रेस ट्रेनें घने कोहरे की वजह से देरी से चलीं। सवेरे बिगड़ी चाल ने देर शाम की ट्रेनों को भी प्रभावित किया। हालत यह रही कि शकूरबस्ती दनकौर ईएमयू को दोपहर साढ़े 12 बजे गाजियाबाद पहुंचना था, लेकिन यह डेढ़ घंटे देरी से दो बजे पहुंची। नई दिल्ली इंटरसिटी पौने दो घंटे देरी से चली।
दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस तीन घंटे, श्रमजीवी सुपरफास्ट एक घंटे, दिल्ली एक्सप्रेस 55 मिनट, कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस एक घंटे 35 मिनट, अंबाला छावनी इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे 51 मिनट, चंपारण सत्याग्रह एक्सप्रेस तीन घंटे 37 मिनट, जम्मू तवी एक्सप्रेस 55 मिनट देरी से आई। इस बारे में नॉर्दर्न रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि कोहरे की अधिकता की वजह से बुधवार को ट्रेनों की समय सारिणी पर असर पड़ा।