मोदीनगर। नगर और देहात क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार व बुधवार को कुत्तों ने छह लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायलों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक चिकित्सा केंद्र पर एंटी रेबीज टीका लगवाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
दिल्ली मेरठ मार्ग स्थित गांव कादराबाद की रहने वाली मंजू देवी मंगलवार शाम कहीं जा रही थीं। अचानक आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मंजू देवी के पैर में काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा कादराबाद बस्ती में बुधवार सुबह कार्तिक और अंकित को आवारा कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। गोविंदपुरी कॉलोनी निवासी सीमा को बुधवार सुबह मंदिर जाते समय गली के कुत्ते ने काटकर घायल कर दिया। इसके अलावा आदर्श नगर कॉलोनी में हरिओम और सीमा के पैर में भी गली के कुत्ते ने काट लिया। कुत्तों के काटने से सभी घायलों ने बुधवार को एंटी रेबीज का पहला टीका लगवाया। बतादें कि मोदीनगर तहसील क्षेत्र में आए दिन बंदरों और कुत्तों के काटने के लगभग 70 से अधिक मामले सामने आते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा प्रभारी डॉ. दिनेश कुमार ने बताया कि सीएचसी पर रोजना लगभग 50 लोगों को एंटी रेबीज का टीका लगाया जाता है।