गाजियाबाद। ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करने वाले यातायात पुलिसकर्मी का शराब पीने के दौरान दोस्त से विवाद हो गया। मेरठ रोड पर शराब पीने के दौरान पुलिसकर्मी ने अपने दोस्त पर पत्थर से प्रहार कर सिर फोड़ दिया। गुस्साए दोस्त ने नाई की दुकान से ब्लेड उठाकर पुलिसकर्मी के सिर, मुंह और हाथ पर ताबड़तोड़ हमलाकर लहूलुहान कर दिया। पुलिसकर्मी पर हुए हमले की सूचना पर नंदग्राम पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को मरियम अस्पताल में भर्ती कराया।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले रामअवतार पूर्व में नंदग्राम थाने में तैनात रहे हैं। डेढ़ माह पूर्व ही इन्हें यातायात पुलिस में भेज दिया गया। बुधवार की दोपहर करीब सवा दो बजे नंदग्राम थाना क्षेत्र के मेरठ रोड की विकलांग कालोनी स्थित बृजवासी होटल के नजदीक रामअवतार अपने दोस्त सोनू त्यागी के साथ शराब पी रहे थे।
शराब पीने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि पुलिसकर्मी ने सोनू त्यागी के सिर में पत्थर से प्रहार कर लहूलुहान कर दिया। गुस्साए सोनू त्यागी ने घटनास्थल के नजदीक नाई की दुकान से ब्लेड उठाकर पुलिसकर्मी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हाथ, चेहरे और होंठ पर ब्लेड लगने से रामअवतार भी लहूलुहान हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मरियम अस्पताल में भर्ती कराया। प्रथम उपचार के बाद सोनू त्यागी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जबकि पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है और चेहरे और बाजू पर कई टांके आए हैं। अस्पताल में भर्ती पुलिसकर्मी या दोस्त सोनू त्यागी ने अब तक तहरीर नहीं दी है। एसीपी ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
.....
वर्जन....
शराब पीने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच जारी है, घायल होने की सूचना मिली है, शराब पीने के दौरान ऑन ड्यूटी था या नहीं इसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। विभागीय जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-सुचिता सिंह, एसीपी ट्रैफिक।
.....