रेवड़ा रेवड़ी गांव निवासी भूपेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को कार से गांव से मुरादनगर की ओर जा रहे थे। वह छज्जुपुर के पास पहुंचे तो उनकी कार के सामने अचानक ट्रैक्टर लगाकर कार को रोका गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते ट्रैक्टर से तीन युवक उतरे और उन्हें कार से उतारकर ट्रॉली पर डाल दिया।
आरोप है कि इसके बाद ट्रैक्टर सवार तीन युवक अगवाकर भूपेंद्र को सलेमाबाद गांव ले गए। वहां बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि गले से आठ तोले की सोने की चेन भी छीन ली। किसी ने इसकी सूचना पुलिस कंट्रोल पर दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस सलेमाबाद पहुंची और भूपेन्द्र को बंधनमुक्त कराया। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने इस संबंध में एक नामजद सहित तीन के खिलाफ तहरीर दी है। एसीपी ने बताया कि मामला पैसे के लेनदेन से जुड़ा है। तहरीर के आधार पर जांच कराकर कार्रवाई की जा रही है।