गाजियाबाद। दीपावली पर पटाखों से निकले धुएं का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। प्रदूषित हवा में मौजूद बारीक कण और जहरीली गैसें सांस के जरिये शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ा रही हैं। किसी को सांस लेने में दिक्कत हो रही है तो कोई आंखों में जलन, गले में खराश और लगातार खांसी से परेशान है। अस्थमा, सांस और हृदय रोगियों के लिए स्थिति ज्यादा मुश्किल भरी हो सकती है। डॉक्टरों ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
एमएमजी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. संतराम वर्मा ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने पर सांस की नलियों में सूजन और जलन हो सकती है। इससे अस्थमा के मरीजों की परेशानी बढ़ जाती है। लगातार प्रदूषित हवा के संपर्क में रहने से खांसी, गले में खराश और सांस फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में मरीजों को प्रदूषण के संपर्क में आने से बचना चाहिए और नियमित दवाएं लेते रहना चाहिए।
आईएमए के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. वीबी जिंदल ने बताया कि पटाखों से निकलने वाले धुएं और सूक्ष्म कणों का असर आंखों, फेफड़ों व हृदय पर भी पड़ता है। सांस लेने में अधिक परेशानी, सीने में दर्द या लगातार सांस फूलने की स्थिति को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
प्रदूषण बढ़ने से परेशानियां
- धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण फेफड़ों तक पहुंचकर सांस की नलियों में जलन पैदा कर सकते हैं।
- सांस की नलियां सिकुड़ सकती हैं और अस्थमा का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ सकता है।
- आंखों की संवेदनशील सतह प्रभावित होती है। इससे जलन, लालिमा और पानी आने की समस्या हो सकती है।
- जहरीले धुएं के संपर्क में आने से श्वसन तंत्र प्रभावित हो सकता है।
- प्रदूषण के सूक्ष्म कण शरीर में सूजन बढ़ा सकते हैं और हृदय पर अतिरिक्त दबाव डाल सकते हैं।
इस तरह करें बचाव
- प्रदूषण अधिक होने पर सुबह और शाम अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।
- बाहर जाते समय अच्छी फिटिंग वाला एन-95 मास्क पहनें।
- घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखें, ताकि धूल और धुआं अंदर न आए।
- अस्थमा और हृदय रोगी नियमित दवाएं लेते रहें। बिना चिकित्सकीय सलाह दवा बंद न करें।
- आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं। परेशानी बढ़ने पर चिकित्सक से संपर्क करें।
- सांस लेने में अधिक परेशानी या सीने में दर्द होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें।