गाजियाबाद/साहिबाबाद। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर बुधवार से हाई अलर्ट कर दिया जाएगा और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। बॉर्डरों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए 25 जनवरी की रात 12 बजे से गाजियाबाद के सभी बॉर्डर सील कर दिए जाएंगे।
यूपी में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जाएगी। भारी वाहनों की दिल्ली में नो एंट्री रहेगी। इन वाहनों को बॉर्डरों पर ही रोक दिया जाएगा। पुलिस मॉल-मल्टीप्लेक्स, होटलों और बस अड्डों पर चेकिंग अभियान चलाएगी।
इस दौरान दो ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जाएगी। एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से टीएचए के सभी बॉर्डर पर सुरक्षा कड़ी की जा रही है। महाराजपुर, सीमापुरी, तुलसी निकेतन और यूपी गेट पर गश्त भी बढ़ाई जाएगी।
महाराजपुर और सीमापुरी बार्डर पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर पुलिस पिकेट तैनात की जाएगी। पुलिसकर्मी अत्याधुनिक हथियारों लिए रहेंगे, जो हर आने जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की तलाशी लेंगे। साथ ही वाहनों को चेकिंग के बाद ही यूपी में प्रवेश मिलेगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कोई स्पेसेफिक सूचना तो नहीं है, लेकिन इंटेलीजेंस इनपुट ने अलर्ट मोड पर रहने की हिदायत दी है।
गणतंत्र दिवस: पुलिस लाइंस में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल
गाजियाबाद। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर मंगलवार को हरसांव पुलिस लाइंस में फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। आठ टोलियों ने परेड कर सलामी दी। इन टोलियों में सब इंस्पेक्टर, ट्रैफिक पुलिस, पुलिस लाइंस स्टाफ, एसपीओ कार्यालय, पीएसी और आरक्षियों की टोली शामिल रहीं।
परेड के प्रथम कमांडर के रूप में एएसपी अनूप सिंह, द्वितीय कमांडर के रूप में पीपीएस अंडर ट्रेनिंग मोनिका यादव व तृतीय कमांडर के रूप में राजकुमार रहे। इस दौरान एसएसपी दीपक कुमार, एसपी सिटी सलमान ताज पाटिल, एसपी क्राइम प्रवीन रंजन सिंह, एसपी रूरल ओमप्रकाश और एसपी ट्रैफिक राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।
26 जनवरी को आधा दर्जन से ज्यादा स्कूलों के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। बता दें कि चुनाव आचार संहिता की वजह सेइस बार गणतंत्र दिवस पर पुलिस सियासी लोगों को दूर रखेगी। पुलिस लाइंस में एनसीआर के रेजिडेंट कमिश्नर डॉ. प्रभात कुमार को पुलिस परेड की सलामी दी जाएगी।