अमर उजाला फाउंडेशन और उड़ीसा सेवा समिति की ओर से रविवार 18 दिसंबर को साहिबाबाद में रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। रक्तदान से पहले लोगों को जागरूक करने के लिए मिनी मैराथन का भी आयोजन किया जाएगा। इस मैराथन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे भाग लेंगे और लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करेंगे।
शिविर में रक्तदान के साथ ही स्वास्थ्य की भी निशुल्क जांच होगी। हियरिंग इंपेयर्ड लोगों की भी जांच की जाएगी।समिति के सचिव मीणाकेतन मिश्रा ने बताया कि शिविर लाजपत नगर स्थित स्वरूप पार्क में लगाया जाएगा। इससे पहले सुबह नौ बजे मिनी मैराथन का आयोजन होगा, 10 बजे से रक्तदान शुरू होगा।
मैराथन में स्कूली बच्चे स्वरूप पार्क से दौड़ लगाते हुए लाजपत नगर के विभिन्न ब्लॉक से होते हुए वापस पार्क पहुंचेंगे। रक्तदान शिविर जिला ब्लड बैंक की टीम के सहयोग से कराया जाएगा। इसके अलावा वसुंधरा के श्रीकृष्णा अस्पताल के चिकित्सकों की टीम लोगों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच करेगी । डायटिशियन शिवानी देवी उचित खानपान के बारे में सलाह देंगी।
इस कैंप और मैराथन का उद्घाटन मेयर अशु वर्मा और व्यवसायी आदि नारायण गुप्ता करेंगे। इस मौके पर समिति के चैरिटी हेड नागेंद्र नाथ समल और रमाकांत जेना मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे।