फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: सावन का पहला सोमवार आज, त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगा दूधेश्वरनाथ मंदिर, वाहनों की नो-एंट्री

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। आज सावन के पहले सोमवार पर दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिर को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। मंदिर की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए एमएमएच कॉलेज, रामलीला मैदान और आर्मी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
विज्ञापन

एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय ने बताया कि इसके साथ ही पूर्व में कैलाभट्ठा और इस्लाम नगर में हुए विवादों में शामिल व्यक्तियों समेत 60 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है। पुलिस सोशल मीडिया पर भी नजर रख रही है। किसी भी तरह की विवादित पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जीटी रोड पर ओवरब्रिज से ही गुजरेंगे वाहन
डीसीपी यातायात त्रिगुण बिसेन ने बताया कि जीटी रोड पर वाहनों की आवाजाही केवल ओवरब्रिज से हो सकेगी। नीचे से कोई भी वाहन मंदिर की ओर नहीं जा सकेगा। इस रास्ते को बैरियर लगाकर बंद किया गया है। हापुड़ मोड़ से घंटाघर की तरफ जाने वाले वाहनों पर भी रोक रहेगी। ये वाहन आंबेडकर रोड होते हुए चौधरी मोड़ से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। लालकुआं की तरफ से मंदिर आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन एमएमएच कॉलेज और रामलीला मैदान में खड़ा करेंगे, जबकि विजयनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए आर्मी मैदान को पार्किंग स्थल बनाया गया है। यहां से श्रद्धालुओं को पैदल मंदिर तक भेजा जाएगा। यह व्यवस्था भीड़ कम होने तक लागू रहेगी।
विज्ञापन


दो ड्रोन से होगी निगरानी
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयकरण नय्यर ने बताया कि दूधेश्वरनाथ मंदिर की सुरक्षा त्रिस्तरीय रहेगी। गर्भगृह, मंदिर के अंदर और बाहरी हिस्से में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था में 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ 50 पुलिसकर्मियों की रिजर्व टीम रखी गई है। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी और दो क्यूआरटी भी तैनात रहेंगी। मंदिर परिसर में लगे करीब 55 सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। इनकी मॉनीटरिंग दूधेश्वरनाथ चौकी से होगी। इसके अलावा दो ड्रोन से पूरे क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मी सादी वर्दी के साथ कांवड़ियों की वेशभूषा में भी तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए मंदिर के पास ग्रीन कॉरिडोर भी तैयार किया गया है, ताकि एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहन आसानी से पहुंच सकें।

एमएमजी अस्पताल पहुंचने वालों को होगी परेशानी
दूधेश्वरनाथ मंदिर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद होने से एमएमजी अस्पताल जाने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अस्पताल में रोजाना ढाई से तीन हजार मरीज पहुंचते हैं, जिनमें 300 से 400 महिलाएं प्रसव के लिए आती हैं। इसके अलावा अस्पताल में 500 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। इन्हें भी ड्यूटी पर पहुंचने में दिक्कत हो सकती है। यह परेशानी केवल पहले सोमवार तक सीमित नहीं रहेगी। सावन के प्रत्येक सोमवार और महाशिवरात्रि पर जलाभिषेक के दौरान भी इस मार्ग से जुड़े लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। मंदिर मार्ग के आसपास कारोबार करने वाले 200 से अधिक व्यापारियों के भी प्रभावित होने की आशंका है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें