गत 21 मार्च की दोपहर को जहांगीराबाद के गांव बांसुरी में निखिल की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। निखिल हाईस्कूल का छात्र था। कोतवाली पुलिस ने मृतक के पिता दिनेश की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। स्वाट टीम देहात और जहांगीराबाद पुलिस ने घटना की जांच करते हुए आरोपी सोनिया उर्फ सोनू और उसके भाई राहुल निवासी प्रेमनगर, कश्मीरी कॉलोनी नजफगढ़ थाना छावला दक्षिण-पश्चिम नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सोनिया उर्फ सोनू ने खुलासा किया कि उसकी बुआ की शादी जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव बांसुरी में हुई थी। बुआ के घर पर उसका आना-जाना लगा रहता था। करीब दो साल पहले वर्ष 2023 में उसके फुफेरे भाई दिनेश की पुत्री उसके साथ चली गई थी, जिसके संबंध में कोतवाली जहांगीराबाद में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। इस केस में उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। करीब 15 माह पहले सोनिया के भाई आकाश की हत्या कर दी गई, जिसके संबंध में दिल्ली पुलिस ने फुफेरे भाई का दूसरा पुत्र तरुण समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
उधर, सोनिया ने जेल से जमानत पर आने के बाद अपने भाई राहुल और दोस्त समेत अन्य आरोपियों के साथ मिलकर फुफेरे भाई दिनेश और उसके पुत्र निखिल की हत्या की साजिश थी। इसके तहत घटना वाले दिन आरोपी सोनिया उर्फ सोनू बाइक पर अपने दोस्त के साथ गांव बांसुरी आई और फुफेरे भाई के घर के आसपास घूमते हुए उनके और उनके पुत्र निखिल के आने का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद निखिल साइकिल चलाते हुए वहां पहुंचा तो उसे रास्ते में रोककर उसकी गोली मारकर हत्या कर फरार हो गए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस ने पूछताछ कर दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
बाइक को चला रही थी आरोपी सोनिया
पुलिस के अनुसार निखिल हत्याकांड को अंजाम देने के लिए सोनिया ने पूरी साजिश रची थी। उसी के तहत उसने बाइक चलाई, जबकि उसके साथी ने निखिल को रोककर उसे दो गोली मार दी। बीते एक साल में तीन-चार बार उसके द्वारा फुफेरे भाई और उसके पुत्र की हत्या किए जाने का प्रयास किया गया था।