तिबड़ा रोड रेलवे फाटक शनिवार दोपहर वाहन की टक्कर से टूट गया। इससे फाटक पर घंटों जाम लगा रहा। इस दौरान फाटक पर चेन लगाकर ट्रेनों को रवाना किया गया। इससे ट्रेनें अपने समय से 10 से आधे घंटे की देरी से गंतव्य को रवाना हुईं। शाम करीब 5.30 पर फाटक को ठीक किया गया। आरपीएफ ने आरोपी वाहन चालक पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
स्टेशन अधीक्षक ओमेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे मैजिक की टक्कर से तिबड़ा रोड़ स्थित रेलवे फाटक टूट गया। इसके चलते मेरठ और दिल्ली की ओर जाने वाली करीब दर्जन भर पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेन करीब दस मिनट से आधा घंटे लेट हो गई।
उधर, फाटक टूटने से तिबड़ा रोड पर करीब पांच घंटे तक जाम लगा रहा। इससे लाइन पार बसी करीब दर्जन भर कालोनियों के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जाम के चलते फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गईं। शाम करीब 5.30 बजे फाटक ठीक होने के बाद तिबड़ा रोड पर यातायात सुचारु हो सका। वहीं, फाटक टूटने का असर हापुड़ रेलवे फाटक पर भी पड़ा।
इसके चलते राजचौराहे पर भी दोपहर को जाम की स्थिति बनी रही। इस दौरान वाहन रेंगकर चल रहे थे। आरपीएफ मोदीनगर चौकी प्रभारी चौधरी विनय कुमार के मुताबिक आरोपी मैजिक के चालक सनावर निवासी गांव अतराड़ा खरखौदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।