गाजियाबाद। ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के छक्के छुड़ाने वाले सैनिकों के सम्मान में भारतीय जनता पार्टी शनिवार तक तीन दिन अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालेगी। यात्रा की तैयारियों को पूरा कर लिया गया है।
महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने बताया कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना और देश की सीमाओं पर शौर्य दिखा रहे वीर सैनिकों को समर्पित इस यात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। तीन दिवसीय तिरंगा यात्रा न केवल राष्ट्रभक्ति और एकता का प्रतीक होगी, बल्कि देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और सैनिकों के प्रति श्रद्धांजलि भी होगी। यह यात्रा साहिबाबाद, मुरादनगर और गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। 17 मई को साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में शाम 5:00 बजे, शालीमार गार्डन मंगल पांडे चौक से भारत माता चौक तक यात्रा निकाली जाएगी। 18 मई को मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में शाम 5:00 बजे से यात्रा निकाली जाएगी। 19 मई को गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र में शाम 6:30 बजे, त्रिपाठी नर्सिंग होम से स्वदेशी चौक विजयनगर तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में सुनील यादव, संजय कांत शर्मा, नवनीत मित्तल, आशीष चौधरी, मोनू त्यागी, अमित रंजन सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।