मोदीनगर। हापुड़ मार्ग स्थित गांव शाहजहांपुर में पटाखे दिलाने से इन्कार करने पर दबंगों ने पीआरडी के जवान अंकुर और उनकी मां सुखबीरी की पिटाई कर दी। आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। अंकुर ने थाने में घटना की तहरीर दी है।
विज्ञापन
गांव शाहजहांपुर निवासी अंकुर पीआरडी के जवान हैं। वर्तमान में अंकुर की तैनानी निवाड़ी थाने में चल रही है। अंकुर के अनुसार रविवार को वह घर पर थे। इसी दौरान पड़ोसी वहां पहुंचा और अंकुर से पटाखे दिलाने के लिए कहा। अंकुर ने पटाखे दिलाने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इससे आरोपी आग बबूला हो गया और अंकुर को गाली गालौज करने लगा। आरोपी कुछ देर बाद अपने कई साथियों के साथ लाठी-डंडे लेकर फिर पहुंच गया और अंकुर पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आईं अंकुर की मां सुखबीरी को भी पीट दिया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।