मुरादनगर। नहर में नहाते समय रविवार शाम तीन युवक गहरे पानी में डूबने लगे। पीएसी के गोतोखारों ने दो युवकों को बचा लिया, एक युवक पानी के तेज बहाव में बह गया। पीएसी के गोताखोरों ने युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया।
दिल्ली करावलनगर निवासी विजय (35) रविवार को अपने भाई अंकित व दोस्त प्रशांत के साथ मुरादनगर नहर में नहाने आया था। शाम करीब चार बजे नहाते समय तीनों गहरे पानी में चले गए। खुद को पानी में डूबता देख तीनों ने शोर मचा दिया। गंगनहर घाट पर तैनात पीएसी के गोताखोरों ने प्रशांत व अंकित को बचा लिया, जबकि विजय पानी के तेज बहाव में बह गया। एसीपी नरेश कुमार ने बताया कि पीएसी के गोताखोरों ने युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया है।
नहर पार कर रहे युवकों से लगवाई उठक-बैठक
मुरादनगर। नहर में नहाने से प्रतिबंध हटते ही रविवार को काफी संख्या में लोग घाट पर नहाने पहुंचे। कुछ युवक तैरकर नहर पार करने लगे। पुलिस ने नहर पार कर रहे दिल्ली के तीन युवकों को पकड़ा और सबके सामने नहर पर ही कान पकड़कर उनसे उठक बैठक लगवाई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद युवकों को छोड़ दिया गया। संवाद