गाजियाबाद। एमएमजी अस्पताल में इलाज के दौरान तीन वर्षीय बच्ची रिनिया की मौत हो गई। इलाज कर रहे बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. विपिन उपाध्याय ने बताया कि बच्ची कुपोषित थी, उसे 27 तारीख को उल्टी-दस्त होने पर भर्ती किया गया था। बच्ची को सेप्टीसीमिया (खून में गंभीर संक्रमण) की भी परेशानी थी।
डॉ. विपिन ने बताया कि विजय नगर क्षेत्र के अब्दुल हमीद कॉलोनी निवासी शकील की बेटी रिनिया के उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य हो गई थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे एक दिन और निगरानी में रखा गया था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8:10 बजे अचानक तबीयत फिर से बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। बच्ची के पिता शकील ने बताया कि जिस दिन बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, उस दिन उसकी हालत चिंताजनक थी। लेकिन दवा देने के बाद शाम तक उसकी तबीयत में सुधार हुआ था। बुधवार को वह बिल्कुल ठीक थी और डॉक्टर ने उसे अगले दिन सुबह छुट्टी देने की बात भी कही थी। लेकिन बृहस्पतिवार की सुबह लगभग 7:50 बजे उसे सांस लेने में अत्यधिक दिक्कत होने लगी।
सीएमएस डॉ. राकेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बच्ची का तीन दिनों से इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उसे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।