कोहरे की वजह से बिगड़ी ट्रेनों की रफ्तार सुधर नहीं रही है। रविवार को गाजियाबाद से होकर गुजरने वाली तीन ट्रेन निरस्त रहीं। 10 से ज्यादा ट्रेनों को लेटलतीफी की वजह से री-शेड्यूल करना पड़ा। सोमवार को आनंद विहार-गया गरीबरथ कैंसल रहेगी।
चार महीने पहले रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों को अचानक ट्रेन कैंसल होने से परेशानियों का सामना करना पड़ा। दिसंबर महीने में ही कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ना शुरू हो गया था। इसकी वजह से रेलवे ने गाजियाबाद से होकर गुजरने वाली 24 ट्रेनें 15 जनवरी तक निरस्त कर रखी हैं।
बावजूद इनके लंबी दूरी की ट्रेनों का शेड्यूल बिगड़ा हुआ है। रोजाना चार से पांच ट्रेनों का संचालन निरस्त किया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक रविवार को अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, नई दिल्ली-जयनगर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस और नई दिल्ली-इस्लामपुर मगध एक्सप्रेस रद्द कर दी गई।
इनके अलावा महानंदा एक्सप्रेस 14 घंटे, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 3:30 घंटे, श्रमजीवी एक्सप्रेस 10 घंटे, फरक्का एक्सप्रेस 4 घंटे, पूर्वा एक्सप्रेस 1 घंटे देरी से रवाना हुई। अब सोमवार को आनंद विहार-गया गरीबरथ रद्द रहेगी। ऐसे में यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।