इंदिरापुरम। न्यायखंड, अभयखंड और ज्ञानखंड में रविवार सुबह गंगाजल की आपूर्ति नहीं हुई। नवरात्र के पहले ही दिन गंगाजल न मिलने से तीन हजार से अधिक लोगों को गंगाजल की किल्लत से जूझना पड़ा। लोगों ने बाजार से बोतलबंद पानी खरीदकर पूजा व अन्य घरेलू काम निपटाए।
स्थानीय निवासी कविता गुप्ता ने बताया कि सुबह उठने के बाद मोटर चालू किया तो गंगाजल नहीं आया। कई घंटे इंतजार करने के बाद बाजार से पानी खरीदना पड़ा। पानी नहीं होने की वजह से घर की साफ-सफाई और अन्य कामों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी अंजू देवी ने बताया कि कॉलोनी में गंगाजल नहीं आने की समस्या आए दिन बनी रहती है। कभी आपूर्ति बंद हो जाती है, तो कभी कम प्रेशर से आता है। इससे ऊपरी मंजिल के लोगों को आपूर्ति नहीं हो पाती है। बार-बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। व्रत के दिन भी गंगाजल नहीं आने की वजह से लोगों के घरेलू कामकाज भी प्रभावित हुए। जीएम जलकल विभाग केपी आनंद का कहना है कि प्रर्याप्त मात्रा में गंगाजल आपूर्ति की जा रही है। जहां भी आपूर्ति नहीं होती है, निरीक्षण कर आपूर्ति की जा रही है।
बिजली की खबर के साथ जोड़ : नेहरुनगर में दो घंटे गुल रही बिजली
गाजियाबाद। नेहरुनगर में शाम करीब पांच बजे बिजली गुल हो गई। करीब दो घंटे तक विद्युत आपूर्ति ठप रही। इससे एक हजार से अधिक लोगों को परेशान होना पड़ा। इसी प्रकार से विजयनगर, कविनगर, कैलाभट्ठा, सीताराम बाजार समेत अन्य स्थानों पर भी दो से तीन घंटे बिजली गुल रही। गाजियाबाद को नो पावर कट जोन में रखा गया है। बावजूद इसके गर्मी शुरु होते ही बिजली की कटौती ट्रिपिंग के नाम पर शुरु हो गई है। इससे लोगों की समस्या बढ़ गई है। नेहरुनगर के एसडीओ प्रमोद कुमार ने बताया कि जफर उड़ने के कारण बिजली कट गई थी। इसको दुरुस्त कराकर सप्लाई शुरु करा दी गई।