पिलखुवा पुलिस ने गिरफ्तार किए गौकशी के आरोपी। संवाद
पिलखुवा। नगर कोतवाली क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने गोकशी की साजिश कर रहे तीन आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि उनका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने आरोपियों से अवैध तमंचा,कारतूस, गंडासा, दो छुरे, नशे का इंजेक्शन, मोबाइल और रस्सी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने गोकशी की पूरी योजना कबूल की है।
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि गश्त के दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायर कर दिया। जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी पकड़े गए। पकड़े गए आरोपियों में मेरठ जनपद के तारापुरी मोहल्ला निवासी रिहान उर्फ रियान, मेरठ जनपद के उल्धन गांव निवासी अमन और मोनिश शामिल हैं। पुलिस ने तलाशी के दौरान रिहान के पास से तमंचा, कारतूस, नशे का इंजेक्शन और मोबाइल बरामद किया। अमन से एक लोहे का छुरा और मोबाइल बरामद हुआ और मोनिश से भी एक छुरा और मोबाइल मिला।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने परतापुर रोड पर आरकेजी स्कूल के पीछे और एक खाली प्लॉट से दो गोवंश मिले, जो बेहोशी की स्थिति में थे। मौके पर पशु चिकित्सक ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपी मुजाहिद और उसका सहयोगी की तलाश की जा रही हैं। बरामद सामग्री और मोबाइल की भी जांच की जा रही है।