गाजियाबाद। निर्माण कंपनी के सीईओ संदीप शर्मा, अजय चौहान व निधि चौहान के खिलाफ कविनगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि हिमाचल प्रदेश के पाैंटा साहिब से सिरमौर तक सड़क निर्माण में कंपनी को पॉकलेन समेत अन्य मशीनें उपलब्ध कराई गईं। इसका सवा दो करोड़ रुपये किराया बना। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भी किराया नहीं चुकाया गया।
संजय नगर निवासी नीरज कुमार ने बताया कि उनका पॉकलेन, क्रेन, जेसीबी आदि को किराये पर देने का काम है। 2021 में उन्होंने निर्माण कंपनी के सीईओ संदीप शर्मा व अन्य अधिकारियों की सहमति पर पॉकलेन व अन्य मशीनें उपलब्ध कराई थीं। तय हुआ था कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद पूरा हिसाब कर दिया जाएगा। लेकिन कंपनी के अधिकारियों ने योजना के तहत भुगतान नहीं किया। जबकि, निर्माण कार्य भी पूरा हो गया। इसको लेकर कई बार बैठकें भी हुईं। पुलिस के दखल पर पैसा लौटाने की बात तय हुई, लेकिन कंपनी ने पैसा नहीं दिया। अब उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस बारे में एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि जांच कराई जा रही है।