फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: चिकित्सक और कारोबारी सहित तीन से 1.76 करोड़ रुपये की ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग तीन लोगों से एक करोड़ 76 लाख 10 हजार रुपये की ठगी कर ली। पटेल नगर के कारोबारी यश जैन से विदेश मुद्रा व्यापार में निवेश कराकर 1.11 करोड़ रुपये और इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू में रहने वाले चिकित्सक राजीव कुमार गुप्ता से शेयर ट्रेडिंग में 58.70 लाख रुपये और अहिंसा खंड द्वितीय में रहने वाले संजीव कुमार शर्मा को स्विटजरलैंड का ग्रुप बताकर 5.60 लाख रुपये ठगे। तीनों पीड़ितों ने साइबर थाने में ऑनलाइन फ्रॉड करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश कराकर 1.11 करोड़ रुपये ठगे

सिहानी गेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर में रहने वाले यश जैन ने बताया कि नवंबर 2024 को एक युवती ने कॉल कर खुद को मुंबई कोलाबा में फैशन डिजाइनिंग का कारोबारी बताया। साथ ही कहा कि वह स्प्रेडेक्स ग्लोबल लिमिटेड से जुड़ी हैं जो विदेशी मुद्रा व्यापार से संबंधित है। इसमें पैसा निवेश करने पर 10 से 15 प्रतिशत मुनाफा प्रतिदिन हो जाता है। युवती ने 13 दिसंबर 2024 को स्प्रेडैक्स ग्लोबल लिमिटेड से जोड़ा और विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश कराया। शुरुआत में 20 हजार रुपये निवेश किया तो दो हजार रुपये मुनाफा कमाया। इसके बाद खाते से 46 हजार रुपये भी निकाले। विश्वास होने पर विदेशी मुद्रा व्यापार में निवेश करते गए। 18 फरवरी 2025 को उन्हें कस्टमर केयर से संदेश मिला कि एक करोड़ रुपये निवेश करने पर दो करोड़ चार लाख 61 हजार रुपये का लाभ हुआ है। ऐसे में रुपये खाते से निकालने के लिए उन्हें टैक्स के रूप में 61.38 लाख रुपये चुकाने होंगे। छह मई को फिर से संदेश मिला और 15 मई तक रुपये जमा न करने पर खाता और ग्रुप से सदस्यता खत्म करने का संदेश मिला। पीड़ित के मुताबिक साइबर ठगों ने 1 करोड़ 11 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित यश जैन ने साइबर ठगों के खिलाफ साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

चिकित्सक को पांच हजार का मुनाफा दे 58.70 लाख रुपये ठगे
इंदिरापुरम की गौर ग्रीन एवेन्यू राजीव कुमार गुप्ता के मुताबिक साइबर ठगों ने उन्हें मोबाइल पर सेनट्रम इनवेस्टर एलाइजमेंट हब के नाम से एक लिंक भेजा और जुड़ने को कहा गया। इस ग्रुप के एडमिन नंदिनी जोशी ने खुद को कस्टमर केयर मैनेजर बताया और जिग्नेश देसाई नाम के व्यक्ति ने हाई नेट वर्थ इंडिविजुअल (एचएनडब्ल्यू) खाता खोलकर गूगल प्ले स्टोर से मोबाइल एप डाउनलोड कराया। खुद को सीईओ जिग्नेश देसाई बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने की जानकारी दी और टिप्स साझा किए। पीड़ित के अनुसार उन्होंने 11 अगस्त 2025 को लेनदेन शुरू किया। पांच हजार रुपये निवेश कर उन्होंने 20 अगस्त को खाते से 10 हजार रुपये भी निकाले। इसके बाद साइबर ठगों ने फर्जी सेबी प्रमाण पत्र साझा कर शेयर ट्रेडिंग में बड़ी धनराशि निवेश कराई। राजीव गुप्ता के मुताबिक उन्होंने 20 अगस्त 2025 से 12 अलग-अलग बैंक खातों में 58 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद उन्होंने रुपये निकालने का प्रयास किया तो अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई। पीड़ित को साइबर ठगी का शक हुआ और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन

फर्जी एप से ठगे 5.60 लाख रुपये

इंदिरापुरम के ही अहिंसा खंड द्वितीय स्थित निराला ईडेन पार्क में रहने वाले संजीव कुमार शर्मा के अनुसार साइबर ठगों ने उन्हें यूबीएस यूनियन बैंक ऑफ स्विटजरलैंड का ग्रुप बताकर शेयर ट्रेडिंग में 300 से 500 प्रतिशत मुनाफे का झांसा दिया। यूबीएस जैसा ही यूबीएसटीसी नाम के मोबाइल एप पर निवेश कराया। शुरुआत में उन्होंने दो लाख रुपये निकालने का प्रयास किया तो टैक्स आदि काटकर उन्होंने 1.94 लाख रुपये वापस किए। जिसके बाद उन्होंने पांच लाख 60 हजार रुपये निवेश किए लेकिन खाते से निकालने की अनुमति नहीं मिली। जिसके बाद उन्होंने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को साइबर थाने में तीन पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। तीनों पीड़ितों से करीब पौने दो करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही साइबर ठगों की पहचान कर ली जाएगी।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें