गाजियाबाद। क्राइम ब्रांच की टीम ने एनसीआर क्षेत्र में ऑन डिमांड मारुति कंपनी की कार चोरी करने वाले वाहन चोर गिरोह के तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार को अलीगढ़ स्थित एक स्क्रैप के गोदाम में छिपा देते थे। बाद में कार को 40-50 हजार रुपये में किसी को बेच देते थे।
पकड़े गए आरोपी अनिल कुमार, यामीन उर्फ भोलू उर्फ काला और जितेंद्र कुमार उर्फ कन्हैया को क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर मारुति कंपनी की कई कार बरामद की हैं। गिरोह के दो सदस्य जाहिद और लविश कुमार पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
एडीसीपी अपराध पीयूष कुमार ने बताया कि अलीगढ़ में रहने वाले जाहिद का कारों को स्क्रैप करने का यार्ड है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि उनके पास मारुति कंपनी का मोबाइल एप है और वह इस कंपनी में बनाए गए तमाम मॉडल की चाबी खुद ही तैयार कर लेते थे। मारुति कंपनी की कार चोरी कर बेचने में भी आसानी होती थी। चोरी की कारों का चेचिस नंबर और फर्जी नंबर प्लेट यार्ड में स्क्रैप की गई गाड़ियों की लगा देते थे। यह गिरोह ऑन डिमांड कार चोरी करता था। ग्राहक से एडवांस में 10 से 20 हजार रुपये ले लेता था और कार चोरी करके 40 से 50 हजार रुपये वसूल लेता था। बिक्री न होने पर चोरी की कारों को जाहिद के स्क्रैप यार्ड में उनके पार्ट्स अलग-अलग कर देते थे। बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अनिल कुमार निवासी जवां सिकंदरपुर थाना जवां जनपद अलीगढ, यामीन उर्फ भोलू उर्फ काला निवासी मोहल्ला ठाकुरान कुईया चौराहा कस्बा ककोड़, जनपद बुलंदशहर और जितेंद्र कुमार उर्फ कन्हैया निवासी जवां जनपद अलीगढ़, हाल पता सम्राट चौक, माता कॉलोनी विजय नगर गाजियाबाद बताया। अनिल कुमार के खिलाफ हरियाणा, अलीगढ़ और गाजियाबाद में कुल 31 मुकदमे दर्ज हैं। यामीन उर्फ भोलू उर्फ काला के खिलाफ 12 और जितेंद्र उर्फ कन्हैया के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज हैं।
-गिरोह के सरगना जाहिद की तलाश जारी-
इस अंतरराज्यीय गिरोह में पांच से छह बदमाश शामिल हैं। गिरोह का सरगना जाहिद है। जाहिद अलीगढ़ में स्क्रैप यार्ड चलाता है। इसी यार्ड में ही चोरी की कारें छिपायी जाती थीं। लविश ग्राहक खोजता था और जाहिद कार बेचता था। जाहिद और लविश की तलाश में पुलिस जुटी है।