गाजियाबाद। मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में चोरों ने तीन वर्षों में तीसरी बार दानपात्र साफ कर दिया।
सोमवार की रात बारह बजे मंदिर में घुसे दो चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चुरा ली। उनके एक साथी मंदिर के बाहर निगरानी करता नजर आया है। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने तहरीर दी है।
एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य ने बताया कि श्री हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष जीके अग्रवाल के अनुसार सोमवार रात लगभग बारह बजे तीन चोर पहुंचे और दीवार फांदकर मंदिर में घुस गए।
दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसने के बाद चोरों ने दानपात्र को तोड़ दिया और उसमें रखी नगदी को वहीं रखे एक कपडे़ में बांधकर ले गए। इस दौरान मंदिर में लगे वाटर कूलर के पास पानी की बोतल लेकर उनका एक साथी निगरानी करता नजर आ रहा है। चोरी की वारदात को अंजाम देकर तीनों चोर भाग गए।
बताया कि मंदिर में दान पात्र तोड़ने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले चोरों ने वर्ष 2022 में भी दान पत्र तोड़कर लगभग 50 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। इस मामले में मधुबन बापूधाम थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लेकिन काफी प्रयास के बाद में भी ना तो चोर पकड़े गए ना ही पैसा मिल पाया। इसके बाद एक बार और मंदिर में चोरी हुई थी। इस दौरान चोर पकडे गए थे, लेकिन काफी प्रयास करने के बावजूद भी एफआईआर नहीं हो पाई थी।
एसीपी ने बताया कि चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, सीसीटीवी फुटेज से चोरों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।