इंदिरापुरम। थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बृहस्पतिवार देर रात कनावनी पुलिया के पास घोड़ासहन गैंग के 50 हजार के इनामी दीपक कुमार और उसके साथी सिराज मियां व करन कुमार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है।
करन के अलावा बाकी दोनों आरोपियों ने 11 अगस्त 2024 को इंदिरापुरम स्थित घड़ी शोरूम साईं क्रिएशन का शटर काटकर तीन करोड़ रुपये की घड़ियां चोरी की थीं। तीनों दोबारा चोरी के इरादे से इंदिरापुरम पहुंचे थे। इनमें आरोपी करन पहली बार गैंग में शामिल होकर चोरी करने पहुंचा था।
पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की गाजियाबाद शाखा में भी तीनों से पूछताछ हुई। इसके बाद कोर्ट में पेश कर तीनों को न्यायालय के आदेश से जेल भेज दिया गया। तीनों के पास से तीन तमंचे, दो कारतूस, एक चाकू और शोरूम से चोरी हुई एक घड़ी बरामद हुई है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि बृहस्पतिवार रात इंदिरापुरम थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इस दौरान क्राइम ब्रांच की सूचना पर घोड़ासहन गैंग के तीन सदस्य दीपक कुमार, सिराज मियां और करन कुमार के क्षेत्र में होने की सूचना मिली थी। कनावनी पुलिया के पास पुलिस ने तीनों को घेर लिया, लेकिन तभी दीपक और सिराज ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। फायरिंग होते ही करन ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे भी दबोच लिया गया।
बताया कि तीनों आरोपी बिहार के पूर्वी चंपारण स्थित घोड़ासहन गांव के रहने वाले हैं। दीपक पर घड़ी चोरी मामले में 50 हजार रुपये का इनाम भी था। वहीं सिराज को कुछ समय पहले ही इंदिरापुरम पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। एसीपी ने बताया कि तीनों दोबारा से चोरी की योजना बनाकर क्षेत्र में लौटे थे। एसीपी ने बताया कि अभी तक इस गैंग के 12 सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।