गाजियाबाद। दिल्ली और गाजियाबाद में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी सहित तीन लोगों की मौत हो गई। नंदग्राम में स्कूटी सवार मां-बेटे को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 41 वर्षीय रवि कुमार की मौत हो गई। वहीं, सिहानी गेट थाना क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित टोएटा कट पर बाइक पर सवार युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसा। इससे बाइक सवार अवी भारद्वाज की मौत हो गई। तीनों हादसों में वृद्धा सहित दो लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, सिपाही अजय कुमार की दिल्ली के सीलमपुर में सड़क हादसे में जान चली गई।
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि डायल 112 में तैनात सिपाही अजय कुमार बृहस्पतिवार को कार्यालय के काम से दिल्ली गए थे। लौटते समय जब वह सीलमपुर पहुंचे तो अन्य वाहन को बचाने के फेर में अजय कुमार की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने उन्हें नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया कि 2006 बैच के अजय कुमार मूल रूप से गांव थरौरा थाना बहा जनपद आगरा के रहने वाले थे। पोस्टमार्टम के बाद शव को उनके पैतृक गांव भेजा गया है। जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
वहीं, दूसरा हादसा नंदग्राम थाना क्षेत्र की मंगलम सोसायटी के सामने हुआ। घूकना रोड स्थित हरबंस नगर में रहने वाले रवि कुमार (41) कार शोरूम में एकाउंटेंट थे। 21 जुलाई को वह स्कूटी पर सवार होकर अपनी मां शिक्षा देवी (67) को लेने अपनी बहन के घर वीवीआईपी सोसायटी में गए थे। लौटते समय जब रवि कुमार अपनी मां के साथ मंगलम सोसायटी के सामने पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में रवि कुमार और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रवि कुमार की 23 जुलाई की दोपहर मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने बताया कि रवि ने हेलमेट लगाया था। वृद्ध मां की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एक अन्य हादसा सिहानी गेट थाना क्षेत्र के डीपीएस स्कूल के पीछे टोयोटा वाले कट पर बृहस्पतिवार की रात आठ बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार पीछे से टकरा गया। इसमें बाइक सवार अवी भारद्वाज (27) निवासी एयरपोर्ट कॉलोनी जनपद मेरठ और पीछे बैठे रोहन (28) निवासी ग्राम डूंडाहेड़ा थाना खेकड़ा जनपद बागपत गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को संजयनगर स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अवी भारद्वाज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल रोहन त्यागी की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
सिपाही अजय कुमार का फाइल फोटो