सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत
साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों को मौत हो गई। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में कोयल एंक्लेव के पास एक कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी। साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। जबकि साथी घायल हो गया। टीलामोड़ थाना क्षेत्र में ही जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। उधर, दो दिन पूर्व इंदिरापुरम के मॉडल टाउन क्षेत्र में रांग साइड आ रहे मिनी ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। तीनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कोयल एंक्लेव में सोमवार सुबह साइकिल से साहिबाबाद मजदूरी करने जा रहे दो युवकों को कार सवार ने टक्कर मार दी। साइकिल चला रहे इंद्रजीत (20) निवासी संगम विहार लोनी की मौके पर ही मौत हो गई। उसका दोस्त रोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं, रविवार रात टीलामोड़ थाना क्षेत्र में ही दिल्ली में बिजली विभाग में चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी सौरभ (26) निवासी आदेश नगर लोनी की बाइक की जेसीबी से टक्कर हो गई। हादसे के बाद घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसएचओ टीलामोड़ रण सिंह ने बताया कि दोनों पीड़ितों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एनएच-9 पर मॉडल टाउन के पास खोड़ा से ड्यूटी कर लौट रहे बाइक सवार युवक को रांग साइड आ रहे मिनी ट्रक ने टक्कर मार दी। उसे इंदिरापुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान तेजिंद्र सिंह निवासी सुदामापुरी विजयनगर के रूप में हुई है। मृतक के भाई ने इंदिरापुरम थाने में मिनी ट्रक के नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।