पीएम स्वनिधि योजना में 3600 रेहड़ी-पटरी वालों ने किया आवेदन
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की वजह से लॉकडाउन में रोजगार बंद हो जाने से प्रभावित रेहड़ी-पटरी वालों को 10-10 हजार रुपये का लोन जल्द मिलेगा। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत लोन लेने के लिए शहर के 3600 से ज्यादा स्ट्रीट वेंडर्स अब तक आवेदन कर चुके हैं। इनमें से 1100 आवेदकों के फार्म बैंकों से स्वीकृत हो चुके हैं। यानी पटरी से उतरे कारोबार को अब स्ट्रीट वेंडर फिर से खड़ा कर सकेंगे।
यह लोन फल-सब्जी, सैलून, पान-चाय की दुकान चलाने वाले, लॉन्ड्री चलाने वाले आदि समेत कई अन्य तरह के कारोबार करने वाले अस्थायी दुकानदार ले सकते हैं। सरकार ने उन्हें बिना गारंटी के 10-10 हजार रुपये का लोन देने की घोषणा की है। आसान शर्तों के साथ यह कर्ज एक साल में चुकाना होगा। डूूडा (जिला नगरीय विकास अभिकरण) के माध्यम से लोग इस लोन के लिए आवेदन कर सकते हैं। डूडा के परियोजना अधिकारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि करीब 3600 से ज्यादा लोग अब तक ऑनलाइन आवेदन कर चुके हैं। करीब 1100 आवेदकों के फार्म सत्यापन के बाद बैंकों के पास पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को नगर आयुक्त डॉ.दिनेश चंद्र सिंह ने बैठक लेकर सभी बैंकों के अधिकारियों को इन आवेदकों को जल्द से जल्द लोन देने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अभी आवेदन की प्रक्रिया जारी है।