हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड के नजदीक एचटी लाइन की शिफ्टिंग के कारण शटडाउन लिया जाएगा। इसके कारण ट्रांस हिंडन एरिया की शालीमार गार्डन, अर्थला, पटेल नगर, हिंडन विहार, नंदग्राम, मोहन नगर आदि कालोनियों में पावर सप्लाई बाधित रहेगी।
हालांकि समस्या से निपटने के लिए पावर कारपोरेशन दिल्ली से बिजली लेगा, लेकिन फिर भी माना जा रहा है कि पावर कट कई घंटाें का हो सकता है। शटडाउन 20 से 23 सितंबर तक रहेगा।
पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि हज हाउस के पास एलिवेटेड रोड का निर्माण किया जा रहा है। जहां पर रोड बननी हैं वहां पर विभाग की एचटी लाइन गुजर रही है।
इस लाइन को शिफ्ट करके अन्य स्थान से निकाला जाना है। साथ ही यहां लगे बिजली के बड़े खंभे भी हटाए जाएंगे। इस कार्य के लिए मुरादनगर से साहिबाबाद जाने वाली 220 केवीए लाइन को बंद किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शट डाउन के कारण कई कालोनियों में बिजली सप्लाई सुचारु करने के लिए नई दिल्ली से बिजली मांगी गई है। इस पर लगभग सहमति बन र्गई है। हालांकि खपत के हिसाब से सप्लाई कम रहने के कारण बिजली सप्लाई प्रभावित जरूर रहेगी।