गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर चार मार्च की सुबह कार लूटने वाले तीन बदमाशों को वेव सिटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने लूटी हुई कार से नोएडा में एक कंपनी के सीनियर एसोसिएट का अपहरण कर लिया और उसके मोबाइल से 50 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्रीपाल ने बताया कि फरीदाबाद निवासी क्रिसलय कुमार हरिद्वार से एक कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कर अपने साथी के साथ लौट रहे थे। तड़के थकान के कारण उन्होंने डीएमई पर कार खड़ी कर दी और उसमें ही सो गए। इसी दौरान बाइक और स्कूटी पर आए पांच बदमाशों ने कार का शीशा खुला देख तमंचा घुसाकर दोनों को जगा दिया और कार व मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, कार लूट के करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने नोएडा के जेवर निवासी बुद्धपाल सिंह, जो एक कंपनी में सीनियर एसोसिएट हैं, का अपहरण कर लिया। बुद्धपाल सिंह जीरो प्वाइंट के पास वॉशरूम जाने के लिए रुके थे। बदमाशों ने उनकी कार के शीशे तोड़कर उन्हें बंधक बनाया और मारपीट करते हुए घर फोन कराकर एक लाख रुपये ट्रांसफर कराने के लिए कहा।
परिजनों ने घबराकर उनके खाते में 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए, जिन्हें आरोपियों ने मोबाइल फोन के जरिये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। इसके बाद बदमाश दोनों कारों और अपहृत युवक को लेकर हापुड़ की ओर निकल गए।
मौका मिलते ही बंधनमुक्त हुआ युवक
हापुड़ के ग्राम मसौता के पास बदमाश शौच के लिए रुके। इसी दौरान बुद्धपाल सिंह किसी तरह बंधनमुक्त होकर कार से उतर गए और भीड़भाड़ वाले इलाके में पहुंचकर मदद मांगी। इसके बाद बदमाश उन्हें छोड़कर डीएमई से लूटी कार लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने गौतमबुद्धनगर के ईकोटेक-प्रथम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इनको किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में पंजाब के लुधियाना स्थित ग्यासपुरा निवासी राज राजपूत, गौतमबुद्धनगर के बादलपुर स्थित गिरधरपुर निवासी दर्शन सिंह (मूल निवासी छतरपुर, मध्यप्रदेश), गौतमबुद्धनगर के ही चिपियाना स्थित बिसरख निवासी अजय कुमार (मूल निवासी ग्राम दानपुर, डिबाई, बुलंदशहर) शामिल हैं। राज राजपूत पर दो, दर्शन सिंह पर सात और अजय कुमार पर तीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के दो सदस्य लव कुमार और योगेंद्र सिंह अभी फरार हैं।
गुर्जरगढ़ी में लूटे कुंडल और बाइक
एसीपी के अनुसार, इस गिरोह ने बीती 18 फरवरी को वेव सिटी क्षेत्र के गुर्जरगढ़ी में पवन बंसल की भाभी से सोने के कुंडल लूट लिए थे। पुलिस ने आरोपियों से लूटे गए कुंडल भी बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा 26 फरवरी को राजकंपाउंड निवासी शिवम कुमार झा की बाइक चोरी की थी। चार मार्च की घटना के दिन ही गौतमबुद्धनगर में एक बाइक सवार से मोबाइल भी लूटा गया था।
बाबू, आगरा घूमने चलोगी नेक्सॉन या टियागो में
अपहरण के दौरान बदमाशों की हैरान करने वाली बातचीत भी सामने आई है। पीड़ित बुद्धपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी राज राजपूत ने सुबह करीब छह बजे अपनी गर्लफ्रेंड को फोन कर कहा ''''बाबू बताओ आगरा घूमने के लिए टियागो ईवी में चलोगी या नेक्सॉन में। तुम्हारे लिए दो कार लूट ली हैं। कल-परसों आगरा चलते हैं।''''