गाजियाबाद। जिलेभर के परीक्षा केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाएं भेज दी गई हैं। इन उत्तर पुस्तिकाओं को स्ट्रांग रूम में रखवा भी दिया गया है। छात्र संख्या के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापकों की निगरानी पहुंचाई जाएंगी।
एसोसिएट डीआईओएस सतीश कुमार पांडेय ने बताया कि 18 फरवरी से यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। जनपद में करीब साढ़े तीन लाख उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड ने भेजी हैं। एक विद्यालय में इसके लिए स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसी में इन्हें रखवा दिया गया है। स्ट्रांग रूम से ही जिले भर के यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों पर इन उत्तर पुस्तिकाओं को पहुंचाया जाएगा। पुलिस निगरानी में ही इनको सुरक्षित रूप से केंद्रों पर भिजवाया जाता है। बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं सील बंद पैकेटों में आई हैं। इसके लिए निगरानी की ठोस व्यवस्था भी कर दी गई है।