लोनी। भाजपा के लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को फिर से फोन करके उनके घर पर भी वसुंधरा चौकी की तरह धमाका करने की धमकी मिली है। विधायक ने धमकी भरे कॉल का वीडियो भी जारी किया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक व्यक्ति विधायक को जान से मारने की धमकी दे रहा है। उसने कहा कि जिस तरह वसुंधरा पुलिस चौकी पर धमाका हुआ है, वैसा ही विधायक के घर पर भी किया जाएगा। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि जिस फोन नंबर से धमकी मिली है उसकी डिटेल खंगाली जा रही है। फोन नंबर भारत का नहीं है और हो सकता है कि इंटरनेट कॉल हो। नंबर की डिटेल आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, जब कॉल आई तो विधायक किसी मामले को लेकर वीडियो बनवाने की तैयारी कर रहे थे और उसी दौरान यह धमकी भरा कॉल आ गया तो उनकी बातचीत करने के दौरान वीडियो शूट कर ली गई थी। उसी को उन्होंने सोशल मीडिया के प्लेट फार्म पर साझा किया है। संवाद
नाजिया इलाही को वसुंधरा चौकी की तरह ही उड़ाने की मिली धमकी
इंदिरापुरम। भाजपा नेत्री व अधिवक्ता नाजिया इलाही खान को एक बार फिर पाकिस्तान के नंबर से व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस बार परिवार की फोटो भेजकर कहा गया है कि जिस तरह वसुंधरा चौकी को उड़ाया है। वैसे ही तुम्हारे परिवार को उड़ा देंगे। नाजिया ने बताया कि उन्हें दो अलग-अलग ऑडियो रिकॉर्डिंग से धमकी मिली है। पुलिस को इस संबंध में शिकायत मिली है और जांच में जुट गई है। ब्यूरो
-