साहिबाबाद। मोहननगर के राजीव कॉलोनी निवासी पूर्व पार्षद विभा देवी के 19 वर्षीय बेटे से डीसीपी कार्यालय के पास हुई 34 हजार रुपये की लूट के दो आरोपी फूलचंद और लालमन को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया है।
तीसरा आरोपी प्रकाश अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। वारदात 30 दिसंबर को दिन में हुई थी। पुलिस ने लूट के 22 हजार रुपये भी बरामद कर लिए हैं।
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि तीनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर में टैक्सी चलाने का काम करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 30 दिसंबर को वह प्रकाश के साथ मोहन नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे।
किशोर को उसके पिता के एक्सीडेंट की बात कहकर बैंक से बाहर लेकर आए। फिर चाकू की नोक पर डीसीपी कार्यालय तक ले गए और यहां उससे 34 हजार रुपये लूटकर भाग गए। कार फूलचंद चला रहा था। डीसीपी ने बताया कि तीसरे आरोपी प्रकाश को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।