बुलंदशहर। ओटीएस (वन टाइम सेटेलमेंट) योजना को खत्म होने में केवल एक सप्ताह का समय शेष बचा है, लेकिन अभी भी जिले में 3.78 लाख बकायेदारों में केवल 77 हजार उपभोक्ताओं ने ही योजना का लाभ लिया है। स्थिति यह है कि तीसरे चरण में केवल नौ हजार उपभोक्ताओं ने ही ओटीएस योजना का लाभ लिया है। ऐसे में अब विभाग का तीन लाख उपभोक्ताओं पर करीब 350 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
बकाया बिल वसूलने के लिए अब बिजली निगम की ओर से ओटीएस योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत न केवल बकाएदार उपभोक्ताओं बल्कि बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज या असेसमेंट के मामलों में भी 50 फीसदी से अधिक की छूट प्रदान की जा रही है। जिले के 129 बिजलीघरों पर ओटीएस योजना के प्रचार-प्रसार के लिए 300 से अधिक शिविर लगाए गए, बिजलीघरों पर बैनर-पोस्टर के माध्यम से उपभोक्ताओं को जागरूक किया गया, लेकिन इसके बाद भी बकायेदारों ने योजना में अपेक्षित रुचि नहीं ली। आठ से 30 नवंबर तक ओटीएस के पहले चरण के दौरान उपभोक्ताओं ने योजना में रुचि दिखाई थी, लेकिन अब 16 से 31 दिसंबर तक चलाए जा रहे अभियान में बकाएदार उपभोक्ता रुचि नहीं ले रहे हैं। ओटीएस योजना शुरू होने से पहले जिले में 3.78 लाख उपभोक्ताओं पर करीब 400 करोड़ रुपये का बिल बकाया था। योजना के तहत करीब 77 हजार उपभोक्ताओं ने 50 करोड़ रुपये का बिल जमा किया है। ऐसे में अभी भी तीन लाख उपभोक्ताओं पर विभाग का 350 करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
एमआरआई मशीन से उपभोक्ताओं की होगी बिलिंग
बिजली निगम के पांच से 10 किलोवाट क्षमता के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को एमआरआई (मीटर रीडिंग इंस्ट्रूमेंट) मशीन के माध्यम से बिल जारी किए जाएंगे। शहर के 2300 उपभोक्ताओं को समय पर और त्रुटिरहित बिल उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। इसके साथ ही बिल बनाने के साथ ही उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी बिल भेजे जाएंगे। जिसके बाद उपभोक्ता अपना बिल डाउनलोड करते हुए ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से जमा कर सकेंगे।
जिले में बिजली निगम के बकाया की खंडवार स्थिति
खंड का नाम ओटीएस के पहले बकाया वर्तमान बकाया
खुर्जा 117.40 करोड़ 103.99
षष्टम 29.68 23.35
बुलंदशहर 20.58 17.27
प्रथम 25.31 20.24
स्याना 38.01 32.53
पंचम 45.09 38.59
तृतीय 55.65 47.22
डिबाई 43.99 36.88
जहांगीराबाद 36.78 29.7
कुल 412.49 349.75
कोट -
ओटीएस योजना का अंतिम चरण चल रहा है। योजना का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं को छूट दी जा रही है। यदि 31 दिसंबर तक बकाया बिल जमा नहीं किया गया तो कनेक्शन काटने का अभियान चलाया जाएगा। अधिकारियों को भी अधिक से अधिक बिल वसूली के निर्देश दिए हैं। एके जायसवाल, चीफ इंजीनियर, बिजली निगम