‘बीते दो दिनों से बैंकों के बाहर लगने वाली लाइनें छोटी हो गईं हैं। एक सप्ताह में नोटबंदी से आ रही दिक्कतों का समाधान कर दिया जाएगा। जरूरत पड़ी तो पेट्रोल पंप, अस्पतालों में 500-1000 के पुराने नोट स्वीकार करने की समयसीमा बढ़ा दी जाएगी।’ यह बातें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री संतोष गंगवार ने कौशांबी में कहीं।
वह यहां के एक अस्पताल में एक कार्यशाला का उद्घाटन करने पहुंचे थे।गंगवार ने कहा कि शादी वाले घरों, किसानों और मंडी कारोबारियों के लिए लागू नए नियमों से साफ है कि सरकार देश के हर नागरिक की समस्या को समझ रही है। देशभर के एटीएम को अपग्रेड किया जा रहा है। पेट्रोल पंप पर भी रुपये निकालने की सुविधा दी जा रही है।
लोगों को परेशानी तो हो रही है मगर वह काले धन के खिलाफ लाए गए इस फैसले का दिल खोल कर स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस फैसले के बाद उत्तर प्रदेश, पंजाब व अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव सादगी से होंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुछ दिन सरकार के इस निर्णय में साथ दें। इसके बाद भविष्य बेहतर होगा।