लोनी। राम पार्क विस्तार कॉलोनी स्थित एक घर से चोर बैग में रखे डेढ़ लाख रुपये नकद, आईफोन और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कॉलोनी निवासी मयंक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह मयूर विहार स्थित चार्टर्ड एकांउंटेट के पास नौकरी करते हैं। उनके घर में निर्माण कार्य चल रहा है। परिवार पड़ोसी के मकान में किराये पर रह रहे हैं। बुधवार रात वह करीब 1,50 लाख रुपये लेकर आए थे। खाना खाने के बाद भीषण गर्मी में बिजली कटौती के चलते परिवार के सभी सदस्य छत पर सोने के लिए चले गए। उन्होंने बताया कि देर रात चोर घर में प्रवेश कर डेढ़ लाख की नकदी, आईफोन, मोबाइल फोन और पर्स समेत अन्य सामान ले गए। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मौके मुआयना किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।