गाजियाबाद। छठ महापर्व पर घाटों की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ के चलते ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। 15 नवंबर की दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर को कार्यक्रम समाप्ति तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
एडीसीपी ट्रैफिक वरुण कुमार सिंह ने बताया कि डायवर्जन हिंडन नदी और मुरादनगर गंगनहर की ओर जाने वाले रास्तों पर प्रभावी रहेगा। मोहननगर से हिंडन नदी की ओर किसी भी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। ये वाहन सिद्धार्थ विहार एनएच-9 से होते हुए जाएंगे। नया बस अड्डा से हिंडन नदी की ओर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे। नागद्वार व राजनगर एक्सटेंशन से रोटरी गोल चक्कर की तरफ भी भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। हिंडन नदी से कोई भी भारी वाहन नागद्वार व रोटरी की तरफ नहीं जाएगा।
इसी तरह कुंडली-मेरठ उतार की तरफ से आने वाले भारी वाहन गंगनहर मुरादनगर की ओर नहीं जाएंगे। पलवल-मेरठ उतार की तरफ से आने वाले भारी वाहन भी गंगनहर की तरफ नहीं जाएंगे। गाजियाबाद से मेरठ की तरफ जाने वाले भारी वाहन पलवल चढ़ाव से होकर जा सकेंगे। चुंगी नंबर तीन रावली रोड और रावली रोड कट से कोई भी भारी वाहन गंगनहर की तरफ नहीं जा सकेगा। मोदीनगर से गंगनहर की ओर जाने वाले वाहनों को सिवली कट यूटर्न से डायवर्ट किया जाएगा। राजचौपला मोदीनगर से गंगनहर की ओर भारी वाहन नहीं जाएंगे। ये वाहन भोजपुर की तरफ से होकर जाएंगे।
यातायात माह में काटे चालान
एडीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि 12 नवंबर को अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 1353 चालान काटे गए। वहीं रॉन्ग साइड पर 237 और तेज रफ्तार में वाहन चलाने पर 319 चालान काटे गए। ट्रैफिक पुलिस जागरूकता अभियान भी चला रही है। 25 स्कूलों में अलग-अलग कार्यक्रम किए जा चुके हैं। चार हजार से अधिक विद्यार्थियों के अलावा ऑटो, बस और ट्रक चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा चुका है।