शहर वासियों को नियमित बिजली मिले इसके लिए पावर कारपोरेशन हर संभव प्रयास कर रहा है। विभाग दो योजनाओं के तहत गाजियाबाद जोन में 42 नए सब स्टेशन बनाएगा। शासन स्तर से इन सब स्टेशनों को बनाने की मंजूरी मिल गई है।
कुछ पर तो जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। विभागीय अधिकारियों को उम्मीद है कि नए सब स्टेशन बनने से बिजली कटौती समस्या खत्म हो जाएगी। पावर कारपोरेशन आईपीडीएस और दीन दयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत शहर में 42 और नए सब स्टेशनों का निर्माण कराएगा।
पावर कारपोरेशन के चीफ इंजीनियर एसके गुप्ता ने बताया कि गाजियाबाद को नो पावर कट जोन में रखा गया है, लेकिन इसके बाद भी ओवर लोड और अन्य समस्याओं के कारण कालोनियों में बिजली कटौती होती है। खासकर ट्रांस हिंडन एरिया में समस्या ज्यादा है।
बिजली कटौती से निजात पाने के लिए ही इन सब स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन को बनाने के लिए 1600 वर्ग मीटर जमीन की आवश्यकता होती है। विभाग को जैसे ही जमीन मिलेगी वैसे ही सब स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इन जगहों पर बनेगा सब स्टेशन
मोदीनगर, लोनी, बलराम नगर, मेरठ रोड द्वितीय, नूरनगर, कविनगर द्वितीय, वैशाली सेक्टर 1 और 6, शालीमार गार्डन द्वितीय, विक्रम एंक्लेव द्वितीय, वसुंधरा सेक्टर 13, कौशांबी द्वितीय, हज हाउस, दिल्ली बार्डर, पसौंडा, साहिबाबाद साइट -4, मॉडल टाउन, चिपियाना, बुलंदशहर में स्याना रोड, खुर्जा नगर, पहासू, मऊ खेड़ा, ककौड़, गुलावठी देहात, बीबी नगर, हापुड़ नगर और खुर्जा आदि हैं।